जबलपुर : बारात में डीजे में नाचने के दौरान हुई धक्का मुक्की तो युवक को चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा मौत के घाट
बारात में डीजे में नाचने के दौरान हुई धक्का मुक्की तो युवक को चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा मौत के घाट

जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र के मादा गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक सुनील अहिरवार और आरोपी दोनों ही रामपुर छापर से बारात में शामिल होने के लिए मादा गांव पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारात में डीजे की धुन पर नाचने के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई और इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने सुनील अहिरवार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं शादी का माहौल पलभर में मातम में तब्दील हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। आशंका यह भी है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश थी जिसे शादी के बीच भुनाया गया है हालांकि अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।



