Madhya Pradesh

जबलपुर में रफ्तार से शुरू हुआ विवाद बना जंग: बरगी में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

रफ्तार से शुरू हुआ विवाद बना जंग: बरगी में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक टकराव में बदल गया। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर लोग कानून को हाथ में लेने से क्यों नहीं हिचकते। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मामले में थाना बरगी में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।

पहले पक्ष के अभिषेक झारिया (25) निवासी सुदामानगर मदनमहल ने बताया कि वह अपने साथियों अभिषेक प्रजापति और क्रिस गुप्ता के साथ बाइक से बरगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक फोर व्हीलर वाहन ने लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक के सामने कट मार दिया। विरोध करने पर गाड़ी से उतरे व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगा। जब उनके साथियों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी हाथापाई की गई।

अभिषेक झारिया के अनुसार, मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जब वे आगे बढ़कर बरगीनगर बायपास ब्रिज के नीचे पहुंचे, तब वही फोर व्हीलर वाहन सवार 3-4 लोग फिर पहुंचे और दोबारा हमला कर दिया। आरोप है कि सुशील साहू, सावन दुबे, राजा खान और आयुष परिहार ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में उनके साथ-साथ उनके साथियों को भी चोटें आईं।

वहीं दूसरे पक्ष से सुशील साहू (40) निवासी बसंतनगर बरगी ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए अलग कहानी बताई है। उनका कहना है कि बाइक सवार युवकों ने पहले उनकी गाड़ी को कट मारा और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बाइक सवारों ने ही गाड़ी रोककर उनके साथ मारपीट की। बाद में बायपास के पास फिर से विवाद हुआ और एक बार फिर झड़प हो गई।

दोनों पक्षों के बयान एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, जिससे मामला और उलझ गया है। पुलिस ने दोनों ओर से धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2), 126(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

यह घटना साफ तौर पर दिखाती है कि सड़क पर धैर्य की कमी और आक्रामक व्यवहार किस तरह बड़े विवाद का रूप ले सकता है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि निष्पक्ष जांच कर असली दोषियों की पहचान करे और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से लगाम लगाए।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button