Madhya Pradesh

लाईट की डोरी काटने को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प, दोनों ओर से केस दर्ज

लाईट की डोरी काटने को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प, दोनों ओर से केस दर्ज

 

जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। घटना ग्राम सुरैया सिमरिया की है, जहां लाईट की डोरी काटने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पहले पक्ष के फरियादी नीलेश सिंह लोधी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जून की रात करीब 10 बजे उनके घर की बिजली अचानक बंद हो गई। जब वे खंभे के पास जाकर जांच करने पहुंचे, तो पाया कि लाईट की डोरी कटी हुई है। इस पर उन्होंने आवाज लगाकर पूछा कि डोरी किसने काटी है। इसी दौरान पड़ोसी भूरा रजक वहां आया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि भूरा रजक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जब इसका विरोध किया गया, तो उसके पिता संतोष रजक और भाई रवि रजक डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए।

नीलेश के अनुसार, इसी दौरान उनके पिता लोक सिंह और चाचा भगवान सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि रवि रजक ने डंडे से लोक सिंह के चेहरे पर हमला किया, जिससे उनके नाक और होठ में चोट आई, वहीं संतोष रजक ने भगवान सिंह को पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष के रविकांत रजक ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि नीलेश लोधी उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज कर रहा था और विवाद के दौरान झूमाझपटी करने लगा। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर उनके भाई कृष्णकांत उर्फ भूरा बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान नीलेश के परिजन लाठी लेकर आ गए और उनके भाई के साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव करने पर उन्हें भी चोट पहुंचाई गई।

पाटन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर छोटे-छोटे विवाद कब तक हिंसक झगड़ों में बदलते रहेंगे… फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button