Madhya Pradesh

फरार बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा: जबलपुर SP ने घोषित किए इनाम, सूचना देने वालों को मिलेगा नकद पुरस्कार

फरार बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा: जबलपुर SP ने घोषित किए इनाम, सूचना देने वालों को मिलेगा नकद पुरस्कार

जबलपुर में गंभीर अपराधों के बाद फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब सख्त रणनीति अपनाई है। लगातार फरार बदमाशों पर दबाव बनाने और उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय ने 7 अलग-अलग मामलों में इनामी घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों को पकड़वाने, गिरफ्तारी में सहयोग करने या सटीक सूचना देने वाले व्यक्तियों को घोषित राशि के अनुसार नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

पुलिस द्वारा जारी सूची में हत्या, धोखाधड़ी, लूट, गंभीर मारपीट और एससी-एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपी शामिल हैं। बरगी थाना के दो अलग-अलग मामलों में फरार अज्ञात आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। ये दोनों मामले गंभीर अपराधों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनमें आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

भेड़ाघाट थाना के अपराध क्रमांक 143/2026 में फरार आरोपी शुभम पटेल पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस के साथ एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराएं दर्ज हैं।
वहीं ग्वारीघाट थाना के मामले में फरार आरोपी मोहित केवट, बॉबी बाल्मीक और भरत ठाकुर की गिरफ्तारी पर भी 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।

बरगी थाना के धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से जुड़े प्रकरण में फरार आरोपी राजेंद्र पुरी गोस्वामी, अंबिका प्रसाद चौबे और मसका बर्मन पर 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

इसके अलावा विजय नगर थाना के अपराध क्रमांक 185/26 में फरार प्रदीप तिवारी पर 4 हजार रुपये तथा अपराध क्रमांक 176/26 में फरार दिन्नू चौधरी और राजा चौधरी पर 3 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के खिलाफ बड़े अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button