Madhya Pradesh

Jabalpur: क्राइम ब्रांच-गढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 सटोरिये गिरफ्तार, सट्टा किंग बल्ली गुप्ता अब भी फरार

क्राइम ब्रांच-गढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 सटोरिये गिरफ्तार, सट्टा किंग बल्ली गुप्ता अब भी फरार

जबलपुर में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रेमनगर इलाके में संचालित सट्टा अड्डे पर छापा मारकर पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में की गई। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा की टीम ने प्रेमनगर स्थित एमजी शोरूम के पीछे एक मकान में दबिश दी, जहां आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित करते पाए गए।

पुलिस ने मौके से जयप्रकाश यादव (51) और अमित कुशवाहा (35) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। वहीं पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड और सट्टा किंग बल्ली गुप्ता पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि फरार आरोपी बल्ली गुप्ता काफी शातिर है और लंबे समय से अपने ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लोकेशन बदलकर वह सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था और सट्टे में लगाए गए पैसों का हिसाब-किताब एवं लेनदेन भी वही संभालता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6200 रुपये नकद, 1 लैपटॉप, 1 पेन ड्राइव, 11 मोबाइल, कैलकुलेटर, सट्टा पर्चियां, डायरी और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामान से साफ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहे थे।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके बाद पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न कुमार शर्मा सहित क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार सट्टा किंग बल्ली गुप्ता की तलाश में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार घूम रहा बल्ली गुप्ता आखिर कब कानून के शिकंजे में फंसता है।

Related Articles

Back to top button