मध्य प्रदेश के जबलपुर में डॉक्टर की नृशंस हत्या, दिनदहाड़े बीच सड़क तब तक मारे चाकू जब तक नहीं निकले प्राण
डॉक्टर की नृशंस हत्या, दिनदहाड़े बीच सड़क तब तक मारे चाकू जब तक नहीं निकले प्राण
मध्यप्रदेश जबलपुर जिले में एक डॉक्टर की दिनदहाड़े धारदार हथियार से गला काटकर की गई निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात हत्यारों ने तब तक चाकू से वार किए जब तक डॉक्टर की मौके पर ही मौत नहीं हो गई। मृतक के गले और शरीर पर 11 से अधिक गहरे घाव के निशान मिले हैं, जो इस बात की गवाही देते हैं कि हत्या बेहद क्रूरता के साथ की गई। फिलहाल भेड़ाघाट पुलिस मौके पर है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह वारदात जबलपुर भोपाल हाईवे पर स्थित सहजपुर ब्रिज के नीचे सामने आई, जहां सड़क किनारे एक रक्तरंजित शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के भुवारा गांव निवासी डॉक्टर महेंद्र साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर महेंद्र साहू कल शाम करीब 5 बजे अपनी कार से उज्जैन जाने के लिए घर से निकला था लेकिन सहजपुर गांव के पास उनकी कार अचानक खराब हो गई, जिसके बाद वे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से गले पर वार किया और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई बार चाकू से हमला किया। वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं।
मृतक के पिता महेश साहू ने बताया कि उनका बेटा उज्जैन जाने की बात कहकर घर से निकला था और उन्हें इस तरह की किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। FSL अधिकारी नीता जैन ने बताया कि घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया ने कहा कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया जाएगा।



