Madhya Pradesh
जबलपुर में ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत, बरगी क्षेत्र के गजना नाला के पास हुआ हादसा
ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत, बरगी क्षेत्र के गजना नाला के पास हुआ हादसा

मध्य प्रदेश की जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र में गजना नाला के पास हाईवे पर बाइक सवार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गये। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस ने घटनास्थल पर खड़ा ट्रक जब्त कर लिया है, वहीं चालक की तलाश की जा रही है। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों मृतक सिवनी के रहने वाले थे और एक बारात में शामिल होने के लिए बरगी के ग्राम जमुनिया जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार सिवनी धूमा के ग्राम कन्ती खमोरा निवासी सुरेंद्र पंद्रे उम्र 23 वर्ष अपने साथी ग्राम सुक्कम निवासी गोविंद परते उम्र 21 वर्ष एवं ग्राम गरघटिया निवासी अजय कुमार उईके उम्र 22 वर्ष के साथ बाइक क्रमांक एमपी 22 जेडई 7877 पर सवार होकर बारात में शामिल होने के लिए ग्राम जमुनिया जाने के लिए रवाना हुए थे।
रात 12 बजे के करीब वह बरगी हाईवे पर स्थित गजना नाला के पास पहुंचे, उन्हें सड़क किनारे खड़ा ट्रक क्रमांक सीजी 08 एडब्ल्यू 8197 नजर नहीं आया और बाइक ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवकों को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं। राहगीरों की सूचना पर एनएच की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



