जबलपुर में बदमाशों का आतंक: किसन यादव, समय पटैल, रतिराम चौधरी और काजल साहू पर हमला, आरोपी फरार
जबलपुर में बदमाशों का आतंक: किसन यादव, समय पटैल, रतिराम चौधरी और काजल साहू पर हमला, आरोपी फरार

जबलपुर शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट, हमला और पथराव की घटनाओं में चार लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रांझी थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला गोकलपुर निवासी किसन यादव पर शराब के लिए पैसे नहीं देने पर हमला कर दिया गया। किसन यादव ने पुलिस को बताया कि वह फल-सब्जी का ठेला लगाता है। 13 मई की रात करीब 10 बजे घर पहुंचकर ठेले से सब्जियां अंदर रख रहा था, तभी मोहल्ले का सुनील रैकवार आया और शराब पीने के लिए 1 हजार रुपये मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने विवाद शुरू कर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर किसन यादव की आंख के ऊपर चोट पहुंचा दी।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी घटना में समय पटैल घायल हुए। समय पटैल ने बताया कि वह ऑटो चालक हैं और देर रात ऑटो लेकर रांझी की ओर जा रहे थे। गोकलपुर सामुदायिक भवन के सामने रोहित बाल्मीक और उसके चाचा ने उन्हें रोक लिया और बिना कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट की, वहीं रोहित ने हाथ में पहने कड़े से सिर पर हमला कर घायल कर दिया।
खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रिठौरी में 75 वर्षीय रतिराम चौधरी भी हमले का शिकार हुए। रतिराम चौधरी अपने समधी के साथ घर के बाहर बैठे थे, तभी रवि चौधरी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर आरोपी ने ईंट का टुकड़ा उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया।
वहीं घमापुर थाना क्षेत्र में काजल साहू घायल हुईं। काजल ने शिकायत में बताया कि देर रात घर का दरवाजा खोलते ही उन पर पथराव किया गया। एक पत्थर मुंह पर लगने से उनके दांत टूट गए, जबकि दूसरा पत्थर हाथ में लगा। पीड़िता ने संदीप कोरी और कमलेश कोरी पर घटना का संदेह जताया है।
पुलिस ने सभी मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।



