Madhya Pradesh

Jabalpur: जेल से निकला, फिर किया हाथ साफ: सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाला शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा

जेल से निकला, फिर किया हाथ साफ: सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाला शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा

जबलपुर में चोरी की वारदातों के बीच पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसने जेल से छूटते ही फिर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। निगरानीशुदा आरोपी ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

घटना शहर के रक्षा नगर कॉलोनी की है। यहां रहने वाले सुमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ दो दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर की रेकी की और मौका मिलते ही मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। आरोपी सीधे उस कमरे तक पहुंचा, जहां अलमारी में कीमती जेवर रखे थे। उसने अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेटे और फरार हो गया।

जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी और जेवर गायब थे। घर में चोरी का मंजर देखकर परिवार दंग रह गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां नजर आईं। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान हनुमानताल बाबा टोला निवासी आदित्य यादव उर्फ गुंडी के रूप में की।

आरोपी को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि आदित्य यादव हाल ही में जेल से छूटा था और बाहर आते ही उसने फिर चोरी की योजना बना डाली। आरोपी चोरी का सामान बेच पाता, उससे पहले ही पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर पूरे जेवर बरामद कर लिए।

बरामद किए गए सामान में सोने की चैन, हार, झुमकी, मंगलसूत्र और चांदी की पायल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों की कीमत करीब 3 लाख रुपए है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की एक संदिग्ध गाड़ी भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग वारदात में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शहर की अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button