Madhya Pradesh

जबलपुर में क्राइम ब्रांच का सटीक वार! 11 किलो 301 ग्राम गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, 5.65 लाख की खेप जब्त

क्राइम ब्रांच का सटीक वार! 11 किलो 301 ग्राम गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, 5.65 लाख की खेप जब्त

 

जबलपुर। नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच जबलपुर ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच एवं माढ़ोताल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 किलो 301 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

अपराध थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिहोरा निवासी एक युवक दीनदयाल बस स्टैंड के बाहर दो बैग और एक पिट्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रिंस बर्मन (22 वर्ष), निवासी कंकाली मोहल्ला, सिहोरा बताया। बैगों की तलाशी लेने पर 11 पैकेटों में कुल 11 किलो 301 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा उसे जय सेलर ने सिवनी में दिया था, जिसे मुकेश साहू, निवासी कटरा मोहल्ला, सिहोरा तक पहुंचाना था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख 65 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त करते हुए प्रिंस बर्मन, जय सेलर और मुकेश साहू के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

इन पुलिस अधिकारियों और जवानों ने निभाई अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व अपराध थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने किया। उनके निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, अशोक मिश्रा, मोहन तिवारी, संतोष पांडे, प्रधान आरक्षक सत्यसेन, मोहन सिंह, हितेंद्र रावत, आनंद तिवारी, आरक्षक सत्येंद्र बिसेन, पंकज सिंह, रितेश शुक्ला, संतोष साई, इंद्रजीत यादव, शिव बघेल और आशुतोष बघेल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

वहीं माढ़ोताल थाना से उप निरीक्षक विजय पुष्पकार, सहायक उप निरीक्षक तीरथ प्रसाद बागरी, प्रधान आरक्षक प्रदीप रजक, प्रधान आरक्षक तरुण रोहितास, आरक्षक प्रतीक बागरी तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय ने भी कार्रवाई को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जबलपुर पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार कड़ा प्रहार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button