जबलपुर में ओवरलोड पिकअप बनी मौत का जाल! 40 मजदूरों से भरा वाहन पलटा, 23 घायल, चालक फरार
ल ओवरलोड पिकअप बनी मौत का जाल! 40 मजदूरों से भरा वाहन पलटा, 23 घायल, चालक फरार

जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आलासूर मोड़ के पास मजदूरों से भरी एक ओवरलोड पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे में 23 मजदूर घायल हो गए, जबकि वाहन में करीब 40 मजदूर सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मजदूर धान की रोपाई के काम के लिए जा रहे थे। रास्ते में ओवरटेक करने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते पिकअप सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आने की भी जानकारी सामने आई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे। बताया जा रहा है कि करीब 40 लोगों को एक ही वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था। ऐसे में ओवरलोडिंग को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और चालक के साथ-साथ वाहन मालिक की भूमिका की भी पड़ताल होगी। यदि ओवरलोडिंग और लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि आखिर मजदूरों की जान जोखिम में डालकर क्षमता से अधिक लोगों को वाहनों में बैठाने का सिलसिला कब रुकेगा। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बावजूद नियमों की अनदेखी लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है।



