जबलपुर में’छिंगा’ पर चला NSA का शिकंजा! अधारताल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टीआई विपिन ताम्रकार की टीम ने शातिर बदमाश को पहुंचाया केंद्रीय जेल
छिंगा' पर चला NSA का शिकंजा! अधारताल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टीआई विपिन ताम्रकार की टीम ने शातिर बदमाश को पहुंचाया केंद्रीय जेल

जबलपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अधारताल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के शातिर बदमाश अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में फैल रहे भय के माहौल को देखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन के आधार पर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल के विरुद्ध एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। वारंट जारी होने के बाद थाना अधारताल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करा दिया।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि कुछ समय पहले क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल पुलिस की संयुक्त टीम ने अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल को 38 चाइना चाकुओं के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल, निवासी वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर, वर्ष 2020 से लगातार अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त सहित 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बन गया था और कई लोग उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी डरते थे।
आरोपी की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने उसके विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने पूरा प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रकरण का परीक्षण करने के बाद जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को गंभीर मानते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। वारंट मिलते ही थाना अधारताल पुलिस ने अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करा दिया।
थाना अधारताल पुलिस की इस कार्रवाई को जबलपुर पुलिस की अपराधियों के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



