Madhya Pradesh

जबलपुर में मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज में दिखे थे आरोपी,

मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज में दिखे थे आरोपी,

जबलपुर में बेलखाडू चौकी क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। यह चोरी 14 नवंबर 2025 को बेलखाडू चौराहे स्थित संकट मोचन मोबाइल सेंटर में हुई थी, जिसमें 85 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चोरी हुआ था।

दुकान संचालक कृष्ण कुमार (कान्हा) पटेल की शिकायत के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिली।

चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश धुर्वे ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक लाल रंग की मोटरसाइकिल दिखाई दी। इसी को आधार बनाकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। बाद में मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सूरतलाई एम.एम. कॉलोनी के पास लाल रंग की बाइक के साथ चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषि राय और रमन विश्वकर्मा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया गया, जिसका आईएमईआई नंबर मिलान करने पर चोरी का होना पुष्टि हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल और अन्य मशरूका जब्त किया है। इस मामले में आरोपियों का एक अन्य साथी अंकित ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बेलखाडू उप निरीक्षक राजेश धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक गेंदा लाल विश्वकर्मा, आरक्षक गगन राय, रूपेश यादव, अखंड प्रताप सिंह और शैलेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button