Madhya Pradesh

जबलपुर: स्थायी विच्छेदित मीटरों के बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, एक दिन में 17 लाख से अधिक की वसूली, 

जबलपुर: स्थायी विच्छेदित मीटरों के बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, एक दिन में 17 लाख से अधिक की वसूली, 

 

जबलपुर। शहर में वर्षों से लंबित बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ शनिवार को बिजली विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। खास बात यह रही कि कार्रवाई उन उपभोक्ताओं पर केंद्रित रही, जिनके कनेक्शन बकाया न चुकाने के कारण वर्षों पहले ही स्थायी रूप से विच्छेदित (पीडी) कर दिए गए थे। इसके बावजूद विभाग को उनसे राशि वसूली में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

नगर वृत्त जबलपुर के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के पांचों संभागों में लगभग 25 टीमों का गठन किया गया। लाइन स्टाफ और आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ मिलकर इन टीमों ने दिनभर सघन कार्रवाई करते हुए 157 प्रकरणों में 17 लाख रुपये से अधिक की वसूली की। जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं से वसूली की गई, उनमें कई ऐसे मामले थे जिनके मीटर 5 से 6 वर्ष पूर्व ही निकाल लिए गए थे। ऐसे उपभोक्ताओं को यह भ्रम हो गया था कि विभाग अब उनके पुराने बकाया को लेकर सक्रिय नहीं है और खाता बंद होने के बाद उनसे राशि नहीं ली जाएगी।

विभाग ने इस बार तकनीक और फील्ड नेटवर्क का उपयोग करते हुए इन बकायादारों को चिन्हित किया और सीधे संपर्क कर बकाया राशि जमा कराई। अधिकारियों के अनुसार, एक साथ इतने प्रकरणों में वसूली करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सुनियोजित रणनीति से यह संभव हो सका। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को राहत भी दी गई। सभी बकायादारों को शासन की समाधान योजना के अंतर्गत चिन्हित किया गया, जिसके तहत सरचार्ज में भारी छूट प्रदान की गई। इससे उपभोक्ताओं को कम राशि में अपना पुराना बकाया चुकाने का अवसर मिला।

बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान 15 मई तक लगातार जारी रहेगा। विभाग के अनुसार अभी भी लगभग 19 करोड़ रुपये की वसूली लंबित है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि का लाभ उठाकर बकाया जमा करें और सरचार्ज में छूट का फायदा लें।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles