Madhya Pradesh

जबलपुर में एफआईआर के बाद पाठक के समर्थन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन,शराब कारोबारी से कथित वसूली के आरोप में मामला दर्ज,

जबलपुर। शराब दुकान संचालक से कथित तौर पर रकम मांगने के मामले में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गढ़ा पुलिस ने शराब दुकान संचालक निखिल सोनी की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। शिकायत में तीन शराब दुकानों से कुल 60 हजार रुपये प्रतिमाह मांगने और दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। एफआईआर के बाद कांग्रेस ने पाठक के समर्थन में आज शाम 4 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देने और प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

शिकायत पर एफआईआर, साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस-
पुलिस ने शिकायत को आधार बनाकर वैधानिक प्रक्रिया के तहत एफआईआर दर्ज की है। अब मामले में शिकायतकर्ता के बयान, कथित ऑडियो-वीडियो, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के सामने चुनौती आरोपों की वास्तविकता को साक्ष्यों के आधार पर सामने लाने की है। इससे यह भी स्पष्ट होगा कि वायरल सामग्री वास्तविक है या उसमें किसी प्रकार की काट-छांट हुई है।

पाठक ने किया दावा, दुकानदार ने झाड़ा –
एक तरफ अभिषेक पाठक ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वायरल ऑडियो को काट-छांटकर पेश किया गया और बातचीत में जिस रकम का उल्लेख है, वह शराब दुकान के किराये से संबंधित थी, न कि कथित अवैध वसूली से। वहीं दूसरी तरफ दुकानदार प्रदीप मांझी ने अभिषेक पाठक के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह टोटल ब्लैकमेलर हैं और पहले भी वह दुकानों से 20-20 हजार रुपये लेता था। दोनों पक्षों के दावों की पुष्टि भी जांच में उपलब्ध साक्ष्यों से ही हो सकेगी।

पूर्व आरोपों ने बढ़ाए सवाल-
अभिषेक पाठक पर इससे पहले भी अवैध वसूली और मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों को कथित तौर पर धमकाने जैसे आरोप लगाए जाने की बात सामने आ चुकी है। हालांकि इन आरोपों को वर्तमान एफआईआर से अलग देखा जाना जरूरी है और आरोप मात्र से किसी व्यक्ति का अपराध सिद्ध नहीं होता। फिर भी लगातार सामने आने वाली शिकायतों और आरोपों के संदर्भ में मौजूदा प्रकरण की पुलिस जांच महत्वपूर्ण हो गई है। यदि पूर्व मामलों में कोई एफआईआर, जांच या न्यायिक कार्रवाई हुई है, तो उसका रिकॉर्ड भी तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट करने में अहम होगा।

एफआईआर के बाद समर्थन में प्रदर्शन, सवाल भी उठे-
मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस द्वारा अपने ब्लॉक अध्यक्ष के समर्थन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किए जाने की घोषणा ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि एफआईआर राजनीतिक दबाव में दर्ज की गई है और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं पुलिस की कार्रवाई का आधार शिकायत और उपलब्ध साक्ष्य हैं।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles