Madhya Pradesh

जबलपुर पुलिस सख्त: रंगदारी पैसे नहीं देने पर चाकू, पत्थर और बोतल से हमले के मामलों में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की तलाश तेज

जबलपुर पुलिस सख्त: रंगदारी पैसे नहीं देने पर चाकू, पत्थर और बोतल से हमले के मामलों में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की तलाश तेज

जबलपुर शहर में रंगदारी और गुंडागर्दी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पैसे की अवैध मांग, मारपीट और जानलेवा हमलों के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना रांझी में 20 अप्रैल की रात 16 वर्षीय छात्र हर्षित समन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है। 19 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे वह अपने दोस्तों रौनक यादव और कुणाल शर्मा के साथ करोंदी मरघटाई के पास रेलवे लाइन किनारे बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान वहां रहने वाले मेहताब अंसारी और शोएल अंसारी पहुंचे और बोले कि अगर इलाके में रहना है तो हर महीने ₹1000 रंगदारी देनी होगी। छात्र के मना करने पर दोनों ने जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। मेहताब अंसारी ने चाकू से हमला कर छात्र के बाएं पैर में चोट पहुंचाई, जबकि शोएल अंसारी ने लाठी से पीठ पर वार किया। दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में BNS की धाराओं सहित SC/ST एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना बेलखेड़ा में 27 वर्षीय राजेश सिंह ठाकुर निवासी ग्राम पिपरिया कला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे उसकी दुकान पर काम चल रहा था। उसी दौरान आरोपी राजा ठाकुर दुकान पर आया और सामान लेकर पैसे दिए बिना भाग गया। सूचना मिलने पर जब फरियादी दुकान पहुंच रहा था, तभी पेट्रोल पंप के पास राजा लोधी ठाकुर मिला और शराब पीने के लिए ₹1000 की मांग करने लगा। मना करने पर आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना गोहलपुर में 30 वर्षीय महिला निशात अंजुम निवासी फूटाताल बेलबाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह अपनी मां और बहन के साथ घर पर थी। इसी दौरान मोहल्ले का मुईनुद्दीन उर्फ कल्लू घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगा और बाहर बुलाया। बाहर आने पर आरोपी ने ₹500 की मांग की और मना करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर सिर में चोट पहुंचाई। आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरेला थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय जीरा बाई भूमिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे वह अपने पति के साथ घर के आंगन में थी। तभी मोहल्ले के साहिल चौधरी, शिवा भूमिया, बंटी और छोटू वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने शराब पीने के लिए ₹1000 की मांग की। मना करने पर साहिल चौधरी ने चाकू से हमला कर पति की दोनों जांघों में गंभीर चोट पहुंचाई, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर सिर और चेहरे पर चोट पहुंचाई।
घायल को पहले विक्टोरिया अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना केंट में 20 वर्षीय मोहम्मद शफीक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सदर स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता है। 20 अप्रैल को काम से लौटते समय गली नंबर 6 में अंशु और हर्ष मेहतो ने उसे रोककर गाली-गलौज की। मना करने पर दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हर्ष मेहतो ने बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया और दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई,
सभी मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। कुछ मामलों में SC/ST एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button